पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी जीत के अंतर में प्रदेश भर में चौथे स्थान पर रहे हैं। चौधरी ने किरनेश जंग को 12619 मतों के अंतर से हराया। चौधरी को 36011 मत हासिल हुए। जबकि कांग्रेस के किरनेश जंग को 23,392 मत पड़े। साबित कर दिया कि मुकाबला एकतरफा था।
जीत के अंतर में पहला स्थान नाचन विधानसभा से विनोद कुमार ने हासिल किया। जिन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी लाल चंद को 15896 मतों से हराया। बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के मंत्री प्रकाश चौधरी को बड़ी फजीहत का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा प्रत्याशी इन्द्र सिंह ने चौधरी को 12,811 मतों से पराजित किया। तीसरे स्थान पर बैजनाथ से भाजपा के मुल्खराज प्रेमी रहे, जिन्होंने कांग्रेस के किशोरी लाल को 12669 के अंतर से हराया।
खास बात यह रही कि चारो सीटों पर बड़े अंतर से जीतने वाले भाजपा के प्रत्याशी रहे। धर्मपुर से सातवीं बार विधायक बने महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी 10 हजार के अंतर का आंकड़ा पार करते हुए अपने निकटतम प्रत्याशी को 11964 के अंतर से हराया। बहरहाल 2012 में पांवटा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हारने के बावजूद चौधरी सुखराम ने पूरे दम-खम के साथ विधानसभा में वापसी की है।