हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल सीमा के साथ सटी चीन की सीमा पर बर्फीले तूफान की चपेट में आने से हमीरपुर जिले का जांबाज शहीद
हो गया। नादौन उपमंडल के अंसरा चेली निवासी 20 वर्षीय मुनीष 16 पंजाब रेजिमेंट में तैनात थे। परिवार में सबसे छोटा व लाडला मुनीष डेढ़ साल पहले ही सेना में भर्ती हुआ था। वह 20 नवंबर को किन्नौर जिले के साथ सटी चीन की सीमा पर समदो में पेट्रोलिंग केदौरान बर्फीले तूफान में फंस गए थे। तबीयत बिगडऩे पर मुनीष को हेलीकॉप्टर के जरिये चंडीगढ़ के कमांड अस्पताल लाया गयाए जहां करीब ढाई बजे उनका निधन हो गया।

मुनीष के चाचा महिंदर सिंह ने बताया कि 15000 फुट की ऊंचाई पर स्थित काजा के साथ सटी चीन की सीमा पर गश्त के दौरान उनकी पेट्रोलिंग पार्टी बर्फीले तूफान की चपेट में आ गई थी। बाद में सेना ने इन्हें रेस्क्यू किया और गंभीर रूप से घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से कमांड हॉस्पिटल चंडीमंदिर पहुंचाया था। देर रात उनका निधन हो गया। मुनीष के साथ उसके अन्य साथी भी तूफान की चपेट में आए थे जिनका इलाज चल रहा है।