हमीरपुर(एमबीएम न्यूज़ ): नादौन में 108 एम्बुलेंस में उस समय किलकारियां गूंज उठीं जब आपात स्थिति में स्टाफ द्वारा एक महिला की डिलीवरी वाहन में ही करवानी पड़ी। स्टाफ द्वारा करवाई गई सफल डिलीवरी के बाद जच्चा – बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। जानकारी देते हुए एंबुलेंस स्टाफ के कर्मचारियों ईएमटी सचिन व पायलट मुल्खराज ने बताया कि सुबह करीब चार बजे उन्हें बसारल गांव के लिए एक काल आई थी।

जब वह मौका पर पहुंचे तो कंचन पत्नी अशोक कुमार निवासी बिहार की स्थिति काफी गंभीर थी। उन्होंने बताया कि जैसे ही वह उक्त महिला को लेकर नादौन अस्पताल के लिए चले तो करीब एक किलोमीटर आगे आते ही महिला की स्थिति और गंभीर हो गई। जिसके कारण सचिन व मुल्ख राज ने वाहन में ही डिलीवरी करवाने का निर्णय लिया।
उन्होंने एंबुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पार्क करके प्रक्रिया आरंभ कर दी। सुबह करीब 4:37 बजे उन्होंने महिला की सुरक्षित व सफल डिलीवरी करवा दी। महिला ने एक कन्या को जन्म दिया है। इसके बाद विस्तृत जांच के लिए जच्चा – बच्चा को नादौन अस्पताल लाया गया। डा. बीएस राणा तथा समाज सेवक रमन मनकोटिया ने बताया कि महिला तथा उसका बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। उन्होंने एंबुलेंस स्टाफ के दोनों ही कर्मचारियों की भी काफी सराहना की है।