हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़): यहां मनचलों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना ये साबित करती है कि बदमाशों में कानून का कोई डर नहीं है। जिला में मनचलों ने एक होमगार्ड जवान की न केवल जमकर पिटाई की बल्की उसकी आंख तक फोड़ डाली। दरअसल, घटना उस रात की है जब एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के बाहर कुछ मनचले लड़कियों से छेड़छाड़ कर रहे थे।
इसी दौरान होमगार्ड जवान ने मनचलों को रोकने की कोशिश की तो मनचलों ने होमगार्ड की पिटाई कर जख्मी कर दिया। जवान के घायल होने की खबर मिलते ही पुलिस थाना जिला से एक टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
एक साल पहले भी हुआ था होमगार्ड पर हमला……
गौरतलब है कि जिला में होमगार्ड कर्मचारियों पर हमले की घटना कोई नई नहीं है, इससे पहले भी एक होमगार्ड जवान पर हमला हो चुका है। 24 मार्च 2016 को भी ड्यूटी से घर लौट रहे एक होमगार्ड जवान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में घायल होमगार्ड का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है, लेकिन डेढ़ साल बाद भी पीड़ित कर्मचारी कोमा में है और बयान देने की हालत में नहीं है।
वहीं घायल होमगार्ड पराग राज के पुत्र केशव राय ने कहा कि वह बीपीएल परिवार से संबंध रखते हैं और घर की सारी संपत्ति बेचकर अभी तक उपचार पर नौ लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। पिता के पीजीआई में अभी तक ऑपरेशन हो चुके हैं। साथ ही हर एक ऑपरेशन पर करीब 70 से 75 हजार रुपये खर्च हो रहा है। इस मामले में दो लोग अभी तक न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं।