चंबा (एमबीएम न्यूज़) : शहर के साथ लगती सरोल पंचायत में अज्ञात लोगों द्वारा मस्जिद व मंदिर में तोड़ फोड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि तोड़ फोड़ सोमवार देर रात को हुई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

सामने यह भी आया है कि अज्ञात लोगों ने मस्जिद में रखी पवित्र कुरान को भी फाड़ दिया है। कूड़ेदान व झाड़ियों में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह इस बात का पता चला। जब मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे। मस्जिद से माइक गायब था। मस्जिद के अंदर जाकर देखा तो वहां से पवित्र कुरान गायब था। इसको लेकर लोगों ने जब आस पास तलाश करना शुरू किया तो मस्जिद से कुछ ही दूरी पर कुरान के फाड़े हुए पन्ने मिले। इसके अलावा टूटी फूटी हालत में माइक भी मिला।
वहीं शीतला पुल के पास स्थित शिव मंदिर के में रखी मूर्तियों बिखरी हुई मिली। मंदिर में स्थापित शिवलिंग रावी नदी के किनारे पड़ा था। मंदिर में रखे त्रिशुल सड़क पर पड़े थे। मूर्तियां यहां वहां बिखरी थी। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने पुलिस टीम को साथ लेकर स्वयं मौके पर जाकर घटना का मुआयना किया। मामले से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए। साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी वीरेंद्र तोमर ने बताया कि सरोल पंचायत में मस्जिद व मंदिर में तोड़ फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।