मंडी ( वी कुमार ): कहते है कि अगर इरादे मजबूत हो तो भगवान राहें खुद बनाता है। यह कहावत पंडोह के उभरते क्रिकेट खिलाड़ी 11 वर्षीय अर्जुन पर लागू होती है। पंडोह के अर्जुन सुपुत्र सन्नी सिंह का चयन अंडर 14 क्रिकेट टीम के 20 खिलाड़ियों में हिमाचल टीम के लिए हुआ है। अर्जुन ने ऊना में प्रदेश क्रिकेट प्रतियोगिता में चार पारियों में 210 रन तीन बार नाबाद रहते हुए बनाये थे।

चयनकर्ताओं ने इसी प्रतिभा व प्रदर्शन का ईनाम उसे प्रदेश की टीम के 20 खिलाड़ियों में चयनित करके दिया है। अर्जुन बायं हाथ की बल्लेबाजी के अलावा अच्छी ऑफ स्पिन भी कर लेते है।
अर्जुन की बल्लेबाज़ी का मजबूत पहलू इनका धैर्य, समय तथा क्रिकेट पर टीके रहना है। 4 वर्ष की आयु में अर्जुन ने क्रिकेट का बल्ला पकड़ लिया था। अर्जुन ने 3 साल तक मण्डी में क्रिकेट का प्रशिक्षण लिया था और आज कल अर्जुन मुहाली के क्रिकेट स्कूल ऑफ अचीवर्स में क्रिकेट की शिक्षा ग्रहण कर रहे है। अर्जुन के चयन के बाद समस्त पंडोह वासियों में खुशी की लहर है। अर्जुन ने इस सब का श्रेय पिता सन्नी सिंह, माता एवं बहन, दादा व दादी को दिया है।
अर्जुन के पिता सन्नी सिंह भी बचपन से क्रिकेट में काफी रुचि रखते थे इसी कारण इन्होंने अपने बेटे अर्जुन को भी क्रिकेट में आगे ले जाने की सोची और इनकी यह सोच कामयाब हुई। अब वह दिन भी दूर नही जब इससे भी आगे पहुंच कर अर्जुन पूरे देश और दुनिया मे पंडोह का नाम रोशन करेगा। अब हिमाचल की टीम अपने 4 मैच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, और जम्मू-कश्मीर से 12 नवम्बर को होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलेगी। जिसमे पंडोह के अर्जुन भी अपनी प्रतिभा का लोहा आजमाएंगे।