शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 9 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। 7 नवम्बर सांय 5 बजे चुनावी रैलियों का दौर थम जाएगा। पिछले चंद दिनों से भाजपा ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा के स्टार प्रचारकों ने पूरे प्रदेश में 197 जनसभाएं कर डालीं। इनमें पीएम मादी की 7 रैलियां भी शामिल हैं। मोदी के अतिरिक्त, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री व सीएम कैंडिडेट प्रेम कुमार धूमल ने इन रैलियों को संबोधित किया है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे ने आज यहां प्रेस कांफ्रेस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व केंद्रीय मंत्रियों समेत भाजपा के 19 स्टार प्रचारकों ने हिमाचल में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। पार्टी स्टार प्रचारकों ने राज्य में 197 चुनावी रैलियां कीं। इसके अलावा पूरे प्रदेश में भाजपा का प्रचार रथ भी चला। 68 विधानसभा क्षेत्रों में 88 दिन तक प्रचार रथ चला और इसके माध्यम से 24634 सभाएं हुईं। इस रथ यात्रा में 11 लाखों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार में कांग्रेस के नेता जनता के बीच जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। बीते 5 साल में कांग्रेस सरकार में हुआ भ्रष्टाचार इसकी वजह बनी। कांग्रेस के बड़े नेता प्रदेश की जनता के सवालों से बचने के लिए जनता में जाने के बजाय राजधानी में प्रेस कांफ्र्रेस तक ही सिमट कर रह गए। गुजरात का भूत कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पीछा नहीं छोड़ रहा है। हिमाचल में आज चुनावी रैलियों में राहुल ने कई बार गुजरात का जिक्र किया।
हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भ्रष्टाचार के मामले पर वह खामोश रहे। वीरभद्र व उनके परिवार को राहुल गांधी का समर्थन भ्रष्टाचार के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्वता को दिखाता है।