चम्बा (एमबीएम न्यूज़) : थाना भरमौर के तहत लूणा-छतराडी-कूंर लिंक मार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब दस बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई, जिस कारण कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो अन्य लोग घायल हैं। इनमें से एक गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज चंबा से टांडा रैफर कर दिया गया है। एक अन्य घायल को चंबा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है।
मृतकों की पहचान नीचू राम (30) पुत्र शिव दयाल निवासी गांव गलथन पंचायत छतराड़ी व संजीव कुमार (20) पुत्र बुशैहरिया राम निवासी बड़ाल ग्राम पंचायत छतराड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार रात छतराड़ी का दूंदई-गलथन वार्ड सदस्य नीचू राम पुत्र शिव दयाल अपने तीन साथियों के साथ शुक्रवार रात को गैहरा का तरफ जा रहा था। इस दौरान लूणा से करीब पांच सौ मीटर आगे चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और यह करीब तीन सौ फुट नीचे भरमौर एनएच पर जा गिरी।
इस दौरान गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत कार के नीचे दबे एक व्यक्ति को बाहर निकाला। इस दौरान उसने बताया कि वाहन में तीन अन्य सवार थे। लोगों ने मौके पर तलाश आरंभ की तो संजीव कुमार का शव यहां पर मौके से बरामद कर लिया गया। अंधेरा होने के चलते लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो अन्य को भी मौके से ढूंढ निकाला और निजी वाहन के माध्यम से घायलों को चंबा स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। लेकिन इस दौरान नीचू राम निवासी गलथन ने घाव का ताव न सहते हुए रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घायलों में शामिल विजय कुमार 25 पुत्र फिंखा राम निवासी गलथन ग्राम पंचायत छतराड़ी को मेडिकल काॅलेज में प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर टांडा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया है। जबकि, 22 वर्षीय कुशल कुमार पुत्र धर्म चंद निवासी गलथन का चंबा में ही उपचार चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक सवार को मौके पर ही मृत पाया गया। जबकि, एक अन्य ने भी बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। -विरेंद्र तोमर, एसपी चंबा।