कुल्लू (एमबीएम न्यूज़) : बंजार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी ने कहा है कि इस विस क्षेत्र में एक राजा के बेटे व किसान के बेटे में
टक्कर है। अब जनता को फैसला करना है कि किसको अवसर देना है। यह बात उन्होंने ग्राम पंचायत थाटीबीड़ व मंगलौर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बंजार में पहली बार 40 वर्षों के बाद एक साधारण परिवार के बेटे को भाजपा का टिकट मिला है और दूसरी तरफ सदियों से राज कर रहे राज घराने के राजा के बेटे को टिकट मिला है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई एक रंक और राजा के बीच में है।

अब जनता ही इस चीज का फैसला करेगी कि बंजार के रंक को जीताना है या फिर सदियों से राज घराने में बैठे राजकुमार को जीताना है। उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनता को फक्र होना चाहिए कि पहली बार एक किसान के बेटे को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि मैं जमीन से जुड़ा हुआ हूं और यहां की संस्कृति, सभ्यता को भली-भांति जानता हूं। बंजार की माटी से उत्पन्न उत्पादों को तैयार करता रहा हूं। उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र की हमेशा अनदेखी हुई है। पर्यटन की दृष्टि से आज तक बंजार विधानसभा क्षेत्र को विकसित नहीं किया गया है। लोगों को रोजगार के द्वार नहीं खोले गए हैं।
कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार भत्ते देने के नाम पर युवाओं के साथ छलावा किया है। उन्होंने कहा कि बंजार में पर्यटन को यदि विकसित किया गया होता तो आज हजारों युवाओं को रोजगार मिला होता लेकिन कांग्रेस की सोच यह नहीं रही है। अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित नहीं किया गया है। शिक्षा के नाम पर बंजार की जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं और अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जब सत्ता में आएगी तो बंजार विस क्षेत्र का चहुमुखी विकास किया जाएगा और बंजार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंजार विस की जनता के साथ वे हमेशा खड़े रहेंगे चाहे वह दुख की घड़ी होगी या सुख की। उन्होंने कहा कि बंजार विस की अनदेखी कतई सहन नहीं होगी।