मंडी(वी कुमार): हिमाचल प्रदेश के चुनावी रण में अब केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी कूद गए हैं। बुधवार को राजनाथ सिंह ने जिला के बल्ह और नाचन विधानसभा क्षेत्रों में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करके भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। राजनाथ सिंह ने बल्ह के बैहना और नाचन के कोट में जनसभाओं को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार पर जमकर हमले बोले।
उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार से पूछा कि केंद्र से भारी आर्थिक मदद मिलने के बाद भी प्रदेश का विकास क्यों नहीं हो पाया। पूर्व की कांग्रेस सरकारें प्रदेश को 11 हजार करोड़ का सेंट्रल टैक्स और अनुदान के रूप में 10 हजार करोड़ रूपए देती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के 28 हजार सेंट्रल टैक्स और 43 हजार करोड़ की अनुदान राशि दी फिर भी राज्य सरकार प्रदेश का विकास नहीं करवा सकी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं, सीबीआई ने केस दर्ज करके रखा है और कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल हो गई है फिर भी सीएम ने कुर्सी छोड़ने का नाम नहीं लिया। उन्होंने भगवान राम का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम ने सीता माता पर जरा सा आरोप लगने पर उनका त्याग कर दिया था। आज लोगों का जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास कम होता जा रहा है और इसका मुख्य कारण कुछ भ्रष्ट नेता हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार के किसी भी मंत्री के दामन पर कोई दाग नहीं है। सरकार कैसे चलाई जाती है यह सीखना है तो भाजपा से सीखो। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। वहीं बल्ह से भाजपा प्रत्याशी इंद्र सिंह गांधी ने उपस्थित लोगों से एक मौका देने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि वह बल्ह की जनता के बेटे हैं और यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वह सभी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।