शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल चुनाव के लिये भाजपा के विजन डोक्यूमेंट पर कांग्रेस का प्रहार शुरू हो गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा ने विजन डोक्यूमेंट को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के विजन डोक्यूमेंट को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बताया है। उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी द्वारा हिमाचल के लिए किए गए एक भी वायदे को जमींन पर नहीं लाया गया है तथा एक बार छली गई जनता दोबारा उनके छलावे में नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विजन डोक्यूमेंट में भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा संपति घोषित करना कोई नई बात नहीं है, क्योंकि निर्वाचन आयोग के समक्ष शपथ पत्र देते समय सभी प्रत्याशियों को संपति का विवरण देना जरूरी बनाया है। ऐसे में भाजपा अपने विजन डोक्यूमेंट के जरिए लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं।
आनंद शर्मा ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में जनता के साथ बड़े-बड़े वायदे करती है, लेकिन चुनाव बीतते ही वह इसे भूल जाती है। लोकसभा चुनाव के वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश व हिमाचल के लिए बड़े-बड़े वायदे किये थे, लेकिन साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी आज तक एक भी वायदे को निभाया नहीं गया। साल में दो करोड़ नौकरियों देने का वायदा किया गया था, लेकिन करोड़ों की नौकरियों तो दूर उलटे नोटबन्दी और जीएसटी लागू कर करोड़ों रोजगार टूट गए।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय वित मंत्री अरूण जेठली द्वारा हिमाचल के लिए जारी विजन डोक्यूमेंट में नौकरियों का कोई जिक्र नहीं है। केवल मात्र रोजगार मेलों के जरिए नौकरी का सब्जबाग दिखाया गया है।
आनंद शर्मा ने भाजपा पर गुडि़या मामले पर सियासत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी समय में इस मुददे पर सभी दलों को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने नेशनल क्राइम ब्यूरो के डाटा का हवाला दिया और कहा कि लॉ एंड आर्डर के मामले में हिमाचल देश में सबसे अब्बल है। पिछले 3 सालों में सबसे ज्यादा रेप के मामले भाजपा शासित राज्यों मध्य प्रदेश व राजस्थान में आए हैं। वहीं गुजरात में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ शब्दों के मायाजाल से जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री और भाजपा को अपराध के मामले में गुजरात की स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में मोदी सरकार विभिन्न मोर्चों पर असफल साबित हुई है। विदेशी कूटनीति पर मोदी सरकार सबसे नाकाम रही है। यही कारण है कि आज देश में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के स्टार प्रचारक हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे। सोनिया गांधी का अस्वस्थता के कारण चुनावी रैलियां करने पर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन राहुल गांधी, कैप्टन अमरेंद्र सिंह, नवजोत सिंह सिद्वु इत्यादि यहां प्रचार में आएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रचार में भाजपा सैंकड़ों करोड़ बहा रही है। आने वाले दिनों में पीएम मोदी सहित भाजपा के कई बड़े नेता जहाजों में यहां चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। ऐसे में भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि चुनाव प्रचार के लिए उनके पास इतना अथाह धन कहां से आया।