मंडी (वी कुमार) : कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री अनिल शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर पर निशाना साधा है। अनिल शर्मा का कहना है कि जो नेता उनपर मलाई खाने का आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने खुद मलाई खाई है। अनिल शर्मा ने कौल सिंह ठाकुर से यह भी पूछा है कि मंत्रिमंडल में कौन सी मलाई मिलती है, जरा इस बारे में खुलकर बताएं। यह बात अनिल शर्मा ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र भरने के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर उमड़े हजूम को संबोधित करते हुए कही।
अनिल शर्मा ने पूरे दलबल के साथ अपना नामांकन पत्र भरा और शक्ति प्रदर्शन करके यह जताने का प्रयास किया कि भाजपा में उन्हें पूरा मान.सम्मान मिला है, जिसकी कमी से उनका परिवार कांग्रेस को छोड़ चुका है। अनिल शर्मा के नामांकन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम और भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जय राम ठाकुर सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अनिल शर्मा और जय राम पड्डल मैदान से मंडी रैली की शक्ल में मंडी शहर पहुंचे और शहर का चक्कर काटने के बाद सेरी मंच पर एकजुट हुए।
अनिल शर्मा ने एसडीएम सदर के पास अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद सेरी मंच पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि वह पांच वर्ष मंत्री रहे तो उन्होंने विकास के कार्य करवाए। मलाई खाने के जो आरोप लगा रहे हैं वह जनता को यह भी बताएं कि मंत्रिमंडल में कौन सी मलाई मिलती है जिसे उन्होंने खाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान सिर्फ चंद लोग ही राज करते रहे।
अनिल शर्मा ने कहा कि इस बार सदर विधानसभा क्षेत्र में आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ी जाएगी, क्योंकि इसी आत्मसम्मान के कारण उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सदर के विकास में न पहले कोई कमी रखी गई थी और न ही भविष्य में कोई कमी रखी जाएगी।