बिलासपुर (अभिषेक मिश्रा) : बिलासपुर जिला की सदर विधानसभा क्षेत्र में टिकट आबंटन के बाद पसरा गतिरोध केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पूरी तरह से समाप्त कर दिया। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रातो रात गुप्त डिप्लोमेसी कर यह सारा गतिरोध समाप्त कर दिया और इसकी किसी को भनक तक नही लगी कि नड्डा ने किस तरह रूठे को एकदम से मना कर सारी गेम कैसे चेंज कर दी।
गौरतलब है कि भाजपा द्वारा सदर विधानसभा क्षेत्र में सुभाष ठाकुर को टिकट देने के बाद टिकट की चाह रखने वाले पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, सुभाष शर्मा, त्रिलोक जमवाल, रूप लाल ठाकुर नाराज चल रहे थे, परन्तु केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने ऐसी शह मात का ऐसा दाव खेला की सभी नाराज चल रहे नेता एक साथ एक मंच पर पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी सुभाष ठाकुर के नामंकन पत्र भरने के लिए यह सभी नेता उनके साथ गये जिसके बाद बिलासपुर शहर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमे इन सभी नेताओ ने सुभाष ठाकुर के पक्ष में मतदातो से मतदान करने का आग्रह किया।
इससे पहले सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशियों में पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, सुभाष ठाकुर, सुभाष शर्मा, रूप लाल, त्रिलोक जमवाल प्रवल दावेदार माने जा रहे थे तथा आखिर तक पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, सुभाष ठाकुर तथा सुभाष शर्मा टिकट की दौड़ में शामिल रहे। बाद में हाई कमान के द्वारा सुभाष ठाकुर को टिकट दिए जाने के बाद यह सभी नेता नाराज चल रहे थे। जिसके बाद इनमे से किसी एक नेता द्वारा निर्दलीय चुनाव में उतरना तय माना जा रहा था पर नड्डा के दाव ने सब को एकत्रित कर दिया जोकि सबके लिए चौकाने वाली बात है।
इस सबके बाद भाजपा में चल रहा गतिरोध तो समाप्त हो गया पर कांग्रेस में गतिरोध शुरू हो गया है। सदर से कांग्रेस के प्रत्याशी बम्बर ठाकुर के खिलाफ पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा तथा कांग्रेस के नेता तथा जिला परिषद् सदस्य बसंत राम संधू ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामंकन पत्र भर दिया है। इन दोनों कांग्रेस नेताओ का कहना है कि वह बम्बर ठाकुर के खिलाफ नामंकन भर रहे है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन दोनों नेताओं में से कोई एक उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटा रहेगा और बाकी इसका सहयोग करें।
बहरहाल इन नेताओ का मुख्य उद्देश्य बम्बर ठाकुर को हराना है ! भाजपा में पनपा गतिरोध तो समाप्त हो गया पर कांग्रेस में पनपा गतिरोध समाप्त होने की जगह और बढ़ रहा है।