हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : भाजपा युवा मोर्चा शहरी इकाई नादौन ने कोटखाई क्षेत्र में गुडिय़ा के साथ दरिंदगी करने वाले अपराधियों को फांसी की सजा की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जम कर नारे बाजी करते हुए युवा मोर्चा के शहरी इकाई अध्यक्ष संदीप भाटिया की अगुवाई में इस रैली का आयोजन शहर के बाजारों से होते हुए बस अड्डा पर स्थित इन्द्रपाल चौक तक किया गया।
अपने संबोधन में संदीप भाटिया ने कहा कि हिमाचल एक देव भूमि है और यह गंभीर विषय है कि अब इस शांतप्रिय प्रदेश में भी महिलाओं व बच्चियों के साथ अपराधिक घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है।
उन्होंने कहा कि रोजाना प्रदेश भर में महिलाओं व बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। परंतु प्रदेश की वर्तमान सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे पीडि़तों को त्वरित न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार में बैइे लोग महिला उत्थान की बड़ी बड़ी बातें करते हैं परंतु वर्तमान प्रदेश सरकार में ऐसा दुस्साहस करने वालों के हौंसले बुलंद हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा अमानवीय कृत्य करने वाले अपराधियों को केवल फांसी की ही सजा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुडिय़ा के हत्यारों को पकड़ कर उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाए नादौन शहरी इकाई की यही मांग है। इस दौरान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ भी जम कर नारेबाजी की। इस दोरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी अरविंद बरार, सन्नी, नीरज, राहुल, विवेक, सौरभ, दीपक मेहरा, अशीष, ध्रुव पुरी, रोहित, अतुल शर्मा, शुभम, तरूण, आशु मेहरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।