हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़): नादौन उपमंडल की आधा दर्जन से अधिक पंचायतें शनिवार को सरकारी बस सेवा से जुड़ गईं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लोगों की मांग पर सरकारी बस की सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने बताया कि बसारल में शनिवार सुबह 10 बजे निगम के आरएम देस राज ने सुखविंद्र सुक्खू सहित लोगों की मौजूदगी में बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुक्खू ने महिलाओं और बुजुर्गों के साथ बस में बैठकर दो किलोमीटर तक यात्रा भी की। बसारल से गौना, करौर, हथोल, बूनी, रंगस होते हुए बस हमीरपुर के लिए गई। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह सुक्खू का बस के साथ स्वागत किया। ये बस हमीरपुर से नादौन वाया रंगस, बूणी, कांगू, बसारल, भदरोल नादौन रूट पर चलेगी। हमीरपुर से बस चलने का प्रस्तावित समय सुबह सात बजे रहेगा और ये नौ बजकर 20 मिनट पर नादौन पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस बस के चलने से क्षेत्र के लोगों की बरसों पुरानी मांग पूरी हो गई है।
पृथ्वी चंद ने बताया कि पिछले दिनों नादौन में सुखविंदर सिंह सुक्खू से इन क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल बस सेवा शुरू कराने को लेकर मिला था। जिसके उपरांत सुक्खू ने डीएम एचआरटीसी हमीरपुर के साथ बातचीत के बाद बस स्वीकृत कराई।
नादौन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद बसारल प्रधान सुभाष चंद, बीडीसी मनोहर लाल, करौर पंचायत प्रधान राजीव, बूणी पंचायत प्रधान नीता जग्गी, अशोक कुमार जग्गी, बूथ प्रभारी केवल, हथोल से सुनील कुमार, भदरोल के उप प्रधान अजय, कांगू से रविंद्र परमार, रंगस से सोनू ने बस सेवा शुरु होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू का हार्दिक आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सुक्खू ने विधायक न होते हुए भी बस चलवाई है। उनसे जो भी मांग की जाए उसे वह प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हैं।