हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़ ): मत्स्य विभाग की ओर से वीरवार देर सांय ब्यास नदी के आसपास प्रतिबंध के बावजूद मछलियों का शिकार करने वाले अवैध शिकारियों को पकडऩे के लिए जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया। विभाग की ओर से सहायक मत्स्य अधिकारी विजय सिंह चौहान तथा एफ एम पदम देव ठाकुर ने शुक्रवार को सुबह सवेरे ही नादौन के साथ लगते मानपुल, कलूर, कोहला, बेला गांवों सहित ब्यास नदी किनारे दबिश दी।
इस दौरान उन्होंने अवैध तौर पर मछलियों का शिकार करने वाले तीन शिकारियों को मौका पर ही पकड़ कर उनके विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया। जानकारी देते हुए विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बहने वाली मान खडड, कुनाह खडड सहित अन्य खडडों व ब्यास नदी किनारे भी दबिश दी गई। इस दौरान दबिश के कारण कई शिकारी अपने जाल छोड़ कर मौका से फरार हो गए टीम ने यह जाल भी जब्त कर लिए हैं।
विजय सिंह ने बताया कि टीम ने नादौन में मछली का शिकार करने के लिए 15 आवेदकों के नए लाइसेंस भी बना कर दिए जो कि प्रतिबंध समाप्त होने के बाद मछली का शिकार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई प्रवासी या कोई लाईसैंसधारी भी मछली के शिकार पर लगे प्रतिबंध के दौरान अवैध तौर पर शिकार करता हुआ पकड़ा गया तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिबंध के दौरान यदि शिकार करता हुआ पकड़ा गया तो उसके विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही का प्रावधान है।