नाहन (एमबीएम न्यूज) : सिरमौर में खाकी ‘पुलिस कर्मियों’ ने सुकमा नक्सली हमले में घायल हुए फौजी महेंद्र सिंह की आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाए है। तमाम पुलिसकर्मियों ने कोलर के रहने वाले महेंद्र की मदद के लिए 62600 रूपये की राशि एकत्रित की। मंगलवार को एसपी सौम्या सांबशिवन ने घर पहुंचकर महेंद्र सिंह को यह राशि भेंट की। इस दौरान पांवटा साहिब के डीएसपी प्रमोद चौहान के अलावा एसएचओ देवानंद गुलेरिया के साथ-साथ कोलर के रौणकी लाल व ओमप्रकाश भी मौजूद थे।
संभवत: यह पहली मर्तबा ही होगा जब हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवानों व अधिकारियों ने उस फौजी की आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाए जिसने नक्सली हमले में मौत को करीब से देखा था। भारत मां की रक्षा के दौरान सेना के जवान महेंद्र सिंह की गर्दन से गोली आर पार हो गई थी।
सनद रहें कि प्रशासनिक व्यवस्था में सबसे पहले एसपी सौम्या सांबशिवन ही सेना के जवान का कुशलक्षेम पूछने घर पहुंची थी। इस दौरान आर्थिक मदद का वायदा भी किया था। इसके बाद हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य ने भी महेंद्र सिंह को घर पहुंचकर सरकार से 1 लाख रूपये की इमदाद दिलवाने का वायदा किया था।
भावुक हुए महेंद्र
एसपी सौम्या सांबशिवन के माध्यम से सिरमौर पुलिस द्वारा दी गई आर्थिक मदद पर महेंद्र सिंह काफी भावुक हो गए। आंखें भर आई थी। एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में महेंद्र ने कहा कि वह इस तरह से मदद की उम्मीद नहीं कर रहे थे। सिरमौर पुलिस ने जो कुछ किया है वह ताउम्र याद रहेगा। साथ ही कहा कि पुलिस के इस कदम से उनके हौंसले में कई गुणा बढोतरी हुई है। उन्होंने एसपी समेत उन तमाम पुलिसकर्मियों का आभार जताया जिन्होंने आर्थिक मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए।