शिमला (एमबीएम न्यूज़) : नगर निगम की 34 सीटों के लिए 16 जून यानी कल मतदान होने जा रहा है। इस बार के शिमला नगर निगम चुनाव में लगभग 91 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 16 जून को मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो कर शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। चुनाव में तकरीबन 1500 कर्मचारियों को लगाया जायेगा। मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है। मतदान प्रक्रिया के दौरान 650 से अधिक पुलिस जवान मोर्चा संभालेंगे।
निगम चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और माकपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस बार निगम चुनाव बिना पार्टी चिन्ह के होने पर भी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने अपने समर्थित प्रत्याशी घोषित किए हैं। भाजपा ने सभी 34 सीटों पर, कांग्रेस ने 30 पर और माकपा ने 26 समर्थित प्रत्याशी उतारे हैं। कुल 34 वार्डों में 126 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। आज प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों सहित घर-घर जाकर मतदाताओं से उनके पक्ष में वोट डालने की अपील की।
भाजपा और कांग्रेस के लिए निगम चुनाव साख का सवाल बन गए हैं। भाजपा ने जहां केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा व धूमल सहित पार्टी के अन्य आला नेताओं ने प्रचार किया। वहीं कांग्रेस में खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रचार की कमान संभाली।
निगम में लगभग 153 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। मतदान केन्द्रों में 74 सामान्य मतदान केन्द्र, 56 संवदेनशील और 23 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। सामान्य मतदान केन्द्र में एक होमगार्ड और एक कांस्टेबल, संवेदनशील केन्द्र में एक होमगार्ड, एक कांस्टेबल और एक हैड-कांस्टेबल व अति-संवेदनशील मतदान केन्द्र में एक होमगार्ड, एक कांस्टेबल, एक हैड-कांस्टेबल और एक एनजीओ सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा मतदान
उपायुक्त शिमला व जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि नगर निगम पार्षद निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान के दौरान यदि किसी व्यक्ति ने कानून का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी मतदाता ने एक से अधिक बार मतदान का प्रयास किया तो उनके खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि प्रशासन द्वारा मतदान के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण कर ली गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं साथ ही विभिन्न तैयारियों के लिए समीक्षा बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतगणना दो स्थानों पर होगी। मतगणना 17 जून, 2017 को प्रातः 9 बजे आरम्भ होगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड नम्बर 1 से 18 व वार्ड नम्बर 27 से 34 तक मतदान की गणना उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी, हेमिस नेगी की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन में होगी। वार्ड नम्बर 19 से 26 की मतगणना उपमण्डलाधिकारी शिमला ग्रामीण, ज्ञान सागर नेगी की अध्यक्षता में डीसी कोर्ट रूम में होगी।