शिमला (एमबीएम न्यूज) : पूर्व शिक्षा मंत्री राधारमण शास्त्री ने फिर से भाजपा का दामन थाम लिया है। वह वर्ष 2012 के विस चुनाव से पहले भाजपा छोड़ हिलोपा में शामिल हुए थे। बाद में उन्होंने राकांपा पार्टी के रथ पर सवार होकर शिमला सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें वह पराजय हो गए थे। एक साल के भीतर उन्होंने राकांपा पार्टी को भी अलविदा कर दिया था।
शनिवार को पार्टी मुख्यालय दीपकमल में राधारमण शास्त्री ने भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शिमला संसदीय सीट के संगठन मंत्री पुरूषोतम गुलेरिया ने राधारमण शास्त्री को सदस्यता दिलाई। पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, संगठन मंत्री पवन राणा, स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
राधारमण शास्त्री की पिछले कुछ समय से भाजपा में घर वापसी की उम्मीद लगाई जा रही थी।
राधारमण मंत्री वर्ष 1990 में शांता कुमार की सरकार में शिक्षा मंत्री रहे थे। वह विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 1977 में चौपाल विधानसभा क्षेत्र से वह पहली बार जनता पार्टी की टिकट पर जीते थे। शास्त्री की पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के करीबियों में गिनती होती है।