शिमला, 17 मार्च : हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय में पिछले एक साल में 68 प्राचार्य (प्रोफ़ेसर) नियुक्ति किये गए हैं। इनमें 16 सह प्राचार्य और 52 सहायक प्राचार्य शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने बुधवार को विधायक राकेश सिंघा के सवाल के लिखित उत्तर में ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये सभी नियुक्तियां विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद की मंजूरी के बाद ही की गई हैं।
जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विधायक राजेंद्र राणा के एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि हिमाचल प्रदेश में बीते तीन सालों में बेनामी संपत्ति और भूमि के क्रय-विक्रय का कोई भी मामला नहीं पाया गया है। राणा ने प्रश्न किया था कि बेनामी संपत्ति के तहत बीते तीन सालों में कितनी भूमि का कम मूल्यांकन हुआ और इस कारण सरकार को अलग-अलग संपत्तियों और जमीनों से कितना आर्थिक नुकसान हुआ।
3893 स्कूल लेक्चरर और हेडमास्टरों के तबादले…..
हिमाचल प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 3893 स्कूल लेक्चरर और हेडमास्टरों के तबादले हुए हैं। इनमें 3741 स्कूल लेक्चरर शामिल हैं। इनमें से 87 तबादले कोर्ट के आदेश पर हुए, जबकि शेष तबादले शिक्षा विभाग ने अपने स्तर पर किए। विधायक रमेश धवाला के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने बुधवार को ये जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 31 जनवरी 2021 तक पिछले एक वर्ष के दौरान राज्य में 3741 स्कूल लेक्चरर और 152 हेडमास्टरों के तबादले किए गए। इस अवधि के दौरान राज्य में कोई भी स्कूल लेक्चरर पदोन्नत नहीं किया गया है, जबकि 270 हेडमास्टरों की पदोन्नतियां हुई हैं।
विधायक विनय कुमार, पवन काजल, वीरभद्र सिंह और राम लाल ठाकुर के एक सवाल के लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में कला अध्यापकों के 1717 और शारीरिक अध्यापकों को 1881 पद रिक्त हैं। इन पदों को भरने का मामला सरकार के विचाराधीन है।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य के जिन स्कूलों में शारीरिक अध्यापकों के पद सृजित नहीं हैं, उन स्कूलों में ये पद सृजित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।