कांगड़ा, 7 फरवरी : आज के दौर की लाइफस्टाइल की वजह से ज्यादातर लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में अपने शरीर को फिट रखना बहुत जरूरी है। अगर सेहत ठीक है तो सब ठीक है। खुद के शरीर को दुरुस्त रखने के लिए तो सभी प्रयास करते हैं, लेकिन दूसरों को फिट रहने के लिए कुछ गिने-चुने लोग ही प्रेरणा देते हैं। हम आपको ऐसे ही शख्स के बारे में बताएंगे जो खुद तो अपना शरीर फिट रखने में जुटे हैं, बल्कि साथ में दूसरे लोगों को भी जागरूक व प्रेरित कर रहे हैं।
हम बात कर रहे हैं ज्वालाजी उपमंडल के तहत गांव नौशहरा (बणे दी हट्टी) के रहने वाले संदीप ठाकुर की। संदीप ठाकुर साइकिलिंग को प्रमोट कर लोगों को फिट रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। संदीप ठाकुर ने यूट्यूब पर पहाड़ी पेडलर चैनल बनाया है, जिसके जरिये वे वीडियो लोगों तक पहुंचा रहे हैं। वे वीडियो के जरिये लोगों को साइकिलिंग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। संदीप ठाकुर ने पढ़ाई में एमसीए की है और वर्तमान में केसीसी बैंक की मझीन शाखा में मैनेजर के पद पर तैनात हैं।
*पहाड़ी संस्कृति का कर रहे विस्तार*
साइकिलिंग को प्रमोट करने के साथ-साथ संदीप ठाकुर पहाड़ी संस्कृति से भी लोगों को रू-ब-रू करवा रहे हैं। वे वीडियो के जरिये पहाड़ के लोगों के रहन-सहन से लोगों को अवगत करवा रहे हैं। इसके साथ वे हिमाचल की खूबसूरती से भी पूरी दुनिया के लोगों को अवगत करवा रहे हैं। अपने वीडियो में वे यहां से खूबसूरत पर्यटन स्थलों की जानकारी भी लोगों को प्रदान करते हैं।
खुद को स्वस्थ रखने का जानें मंत्र*
एडवेंचर का शौक रखने वाले संदीप ठाकुर चाहते हैं कि लोग यूट्यूब चैनल पहाड़ी पेडलर की सहायता से साइकिलिंग केे लिए आगे आएं। साइकिलिंग खुद को फिट रखने का बहुत ही बेहतर तरीका है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि साइकिलिंग के माध्यम से लोग उनके यूट्यूब चैनल से जुड़ें और खुद को स्वस्थ रखने के मंत्र जानें।
साइकिल चलाने से फिट रहेगा शरीर*
अगर आप वजन घटाने की सारी कोशिशें करके हार चुके हैं तो कुछ दिन साइकिल चलाकर देखें अगर आपको फिट बॉडी की ख्वाहिश है तो साइकिल चलाना शुरू करें। साइकिल चलाकर कई रोगों की रोकथाम की जा सकती है। साइकिलिंग व्यायाम है और इसे चलाने के लिए पैडल का इस्तेमाल किया जाता है। जिससे पिंडली व जांघों की मांसपेशियां को मजबूत होती हैं। बच्चों को नियमित साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
- *जानें: साइकिलिंग के फायदे*
- * साइकिलिंग दिल को सेहतमंद और सुरक्षित रखने में मददगार है। साइकिल चलाने से दिल की बीमारियां होने का कम खतरा रहता है।
- * साइकिल चलाने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं। साइकिल से पूरे शरीर का अच्छा व्यायाम हो जाता है।
- * नियमित रूप से साइकिल चलाने से तनाव की समस्या नहीं होती है। साइकिलिंग से मूड भी अच्छा रहता है।
- * लगातार साइकिल चलाने वालों में कैंसर की संभावना 46 प्रतिशत तक कम हो जाती है। शोधकर्ताओं का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से साइकिल चलाता है, तो कैंसर का आधा खतरा टल जाता है।
- * डायबिटीज पर नियंत्रण करने के लिए साइकल चलाना एक बेहतरीन उपाय है। डॉक्टरों का कहना है कि रोजाना सिर्फ आधे घंटे तक साइकिल चलाकर हफ्ते भर में एक हजार से अधिक कैलोरी खर्च की जा सकती है।
- * नियमित रूप से साइकिलिंग करने से इम्यून सिस्टम (रोगप्रतिरोधक क्षमता) मजबूत होता है। जो लोग सप्ताह में कम से कम पांच दिन आधा घंटा साइकिल चलाते हैं, उनके बीमार पड़ने की संभावना 50 प्रतिशत तक कम हो जाती है।