संगड़ाह, 5 फरवरी : पंचायत समिति संगड़ाह में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में उपनिदेशक के पद से सेवानिवृत मेला राम शर्मा को अध्यक्ष पद पर काबिज किया गया है। वहीं, मदन को उपाध्यक्ष की कमान सौंपी गई हैे। अध्यक्ष पद के लिए मेला राम शर्मा को 17 में से 9 वोट मत पड़े। एसडीएम संगड़ाह विक्रम सिंह की मौजूदगी में नतीजों की घोषणा की गई।
शपथ ग्रहण के लिए निर्धारित तारीख 29 जनवरी को सुबह 11 बजे जहां भाजपा समर्थित 10 सदस्यों ने शपथ ली थी, वहीं सांय 4 बजे कांग्रेस समर्थित 7 सदस्यों ने शपथ ली। तब से अब तक भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या 10 से 9 रह गई। इस दौरान जहां भाजपा समर्थित सदस्यों के साथ जहां हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, बलबीर चौहान, रूप सिंह, प्रताप तोमर, बलवीर ठाकुर व सुनील शर्मा आदि भाजपा नेता मौजूद रहे, वहीं कांग्रेस समर्थित सदस्यों के साथ स्थानीय विधायक विनय कुमार, तपेंद्र चौहान, मित्रसिंह तोमर, इंद्र सिंह व जयगोपाल शर्मा आदि कांग्रेस नेता देखे गए।
बता दें कि 17 सीटों वाली संगड़ाह बीडीसी में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस-भाजपा में खींचतान चल रही थी। दोनों दल बीडीसी अध्यक्ष को लेकर दावे ठोक रहे थे। एक तरफ जहां भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अपने उम्मीदवार को दावा कर रही थी। वहीं कांग्रेस भी यह दावा कर रही थी कि उन्हें 3 अन्यों का साथ मिलेगा ओर वा अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज होेंगे, लेकिन ऐसा न हो पाया।
घटनाक्रम में नाटकीय मोड़ तब आया, जब मंगलवार को भाजपा समर्थित बीडीसी ने 9 सदस्यों का अपना सामूहिक चित्र सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। 1 फरवरी को बीडीसी की बैठक में दोनों दलों के समर्थित सदस्यों ने भाग नहीं लिया था। चूंकि बैठक में पूर्ण बहुमत जरूरी था और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव हो सकता था।
कमान संभालने के बाद दिवंगत पूर्व भाजपा नेता को दी श्रद्धांजलि…
नतीजों की घोषणा के बाद भाजपा समर्थित सदस्यों ने रेणुका भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष विनोद शर्मा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा। गौर हो कि बीते दिनों ह्दयगति रूकने से भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष विनोद शर्मा का निधन हो गया था। नवनियुक्त अध्यक्ष मेला राम शर्मा ने विनोद के निधन को एक अपूर्णीय क्षति बताया।