रिकांगपिओ,20 दिसंबर : किन्नौर के पर्यटन स्थल कल्पा के निकट “सुसाइड प्वाइंट” एक महिला पर्यटक की सेल्फी लेने के दौरान खाई में गिरने से मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि महिला किन्नर कैलाश दर्शन के लिए आई थी।
घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस जवानों सहित क्यूआरटी की टीम महिला को ढूंढने में लग गई, लेकिन रात हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा।
एसडीएम कल्पा डॉ मेजर अरविंद शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया गया। इस दौरान गहरी खाई से महिला के शव को बरामद कर लिया गया है। महिला की पहचान रेखा (37) पत्नी विनीत शर्मा निवासी हिसार (हरियाणा ) के रूप में हुई है। प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला का ढांक से नीचे गिरने का कारण सेल्फी लेना बताया गया है। किन्नौर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही है।