शिमला ,27 सितंबर: भाजपा (BJP) ने नई टीम की घोषणा की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष (National President) जेपी नड्डा ने अपनी टीम में क्षेत्रीय संतुलन का खास ध्यान रखा है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश से 11 लोग शामिल हैं। भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों(National bearers) की इस लिस्ट में हिमाचल के किसी भी नेता को तरजीह (Preference) नहीं मिली है। चार लोकसभा सीटों वाले इस छोटे प्रदेश से नड्डा खुद संबंध रखते हैं। इसके अलावा हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर भी मोदी कैबिनेट(Modi cabinet) के हिस्सा हैं। पूर्व में हिमाचल के संगठन महामंत्री रहे महेंद्र पांडेय को उत्तराखंड राज्य की तरफ से केंद्रीय कार्यालय सचिव बनाया गया है। महेंद्र पांडे की कर्मभूमि हिमाचल रही है और उनका ससुराल सिरमौर में है। पांडे हिमाचल प्रदेश में संगठन मंत्री और पार्टी में प्रकोष्ठों की ज़िम्मेदारी संभाल चुके हैं।
हालांकि चर्चा यह भी थी कि हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष पद छोड़ने वाले डॉक्टर राजीव बिंदल (Dr Rajiv Bindal) को राष्ट्रीय टीम में तरजीह मिलेगी। लेकिन उन्हें भी कोई दायित्व नहीं सौंपा गया है। भाजपा के तेज तर्रार नेता बिंदल को नड्डा का करीबी माना जाता है और इस साल जनवरी माह में नड्डा की पसंद पर वह हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष बने थे। लेकिन महज 4 माह बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था।
नड्डा ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें वसुंधरा राजे, रमन सिंह और रघुवर दास शामिल हैं। हालांकि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में कई पुराने दिग्गज जगह बनाने में कामयाब (Successful) नहीं रहे। राम माधव, मुरलीधर राव, सरोज पांडे और अनिल जैन की महासचिव पद से छुट्टी कर दी गई है। इसी प्रकार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से उमा भारती, विनय सहस्रबुद्धे, प्रभात झा, ओम माथुर, श्याम जाजू जैसे दिग्गजों को बाहर कर उनके स्थान पर नए चेहरों को मौका दिया गया है।
इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सभी नव नियुक्त भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह नई टीम यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में संगठन को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाएगी ।