शिमला, 10 सितंबर : अभिनेत्री कंगना रणौत के पैतृक राज्य हिमाचल प्रदेश में भी सियासत गर्माना शुरू हो गई है। कंगना के मामले में कांग्रेस व भाजपा के सुर नहीं मिले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे व विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना रणौत हिमाचल की बेटी है, जिन पर हम सबको गर्व है। उन्होंने हिमाचल का नाम पूरे देश में रोशन किया है। विधायक ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मामला नहीं है, न ही इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। हम महाराष्ट्र सरकार से अपील करेंगे कि उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखे और जो भी कार्रवाई हो वो कानून के दायरे में रहकर हो।
बेहद ही संभलते हुए विक्रमादित्य ने कंगना को सलाह दी है कि वो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के बारे में टिप्पणी करते हुए अपनी शब्दावली पर ध्यान दें, जिसका वो समर्थन नहीं करते। मुंबई को पीओके कहना भी सही नहीं है। मुंबई भारत का अभिन्न अंग है। इस शहर ने सैंकड़ों लोगों को विभिन्न क्षेत्रो में उभरने का अवसर प्रदान करवाया है। उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के चुने हुए मुख्यमंत्री हैं। बहरहाल, यह साफ नजर आ रहा है कि कांग्रेस के विधायक ने एक तीर से दो निशाने लगाने का प्रयास किया है। पहला यह कि कंगना का भी समर्थन हो जाए तो दूसरी तरफ अपनी पार्टी के स्टैंड को भी बरकरार रखा जाए।
उधर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह कहकर कि “हम देवभूमि हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते” कुछ कड़े शब्दों का इस्तेमाल करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि मुंबई में शिवसेना, कांग्रेस व एनसीपी की सरकार ने हिमाचल की बेटी कंगना रणौत के साथ जो राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है, वह अत्यंत चिंताजनक व निंदनीय है। उधर, प्रदेश के कई हिस्सों में कंगना के समर्थन में प्रदर्शन भी शुरू हुए हैं। पांवटा साहिब व नाहन में भाजपा की विचारधारा से जुड़े अग्रणी संगठनों ने ज्ञापन भेजे तो वहीं कुल्लू में शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत का पुतला भी फूंका गया।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि यह ठीक है कि आज कई जगह कंगना में समर्थन में पार्टी से जुड़े कई संगठनों ने ज्ञापन प्रेषित किए हैं, लेकिन पार्टी ने इस बारे कोई कॉल नहीं दी थी। कुल मिलाकर मुंबई में कंगना रणौत के ऑफिस को बीएमसी द्वारा तोड़े जाने के बाद मामला तूल पकड़ चुका है।
Latest
- टांग गंवा मासूम बहनों के प्राण बचाने वाले युवक की वीरता, नेताओं के मुख से नहीं निकले दो शब्द….
- हमीरपुर : अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रैक्टर चपेट में आने से चालक की दर्दनाक मौत
- सामान्य ज्ञान समाचार : भारतीय ऐतिहासिक अभिलेख आयोग नया Logo व आदर्श वाक्य
- बेटी के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चुनाव लड़ने की अटकलों पर लगाया विराम
- ऊना : अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बच्चों से भरी स्कूल बस, 5 बच्चे चोटिल