नाहन : समूचे प्रदेश में लॉकडाउन की वजह से ट्रांसपोर्ट व्यवस्था ठप है। ऐसे में अगर आपको यह बताया जाए कि एक टांग के सहारे दिव्यांग ने पैदल ही तकरीबन 140 किलोमीटर का सफर तय कर लिया तो निश्चित तौर पर आप अचंभित हो जाएंगे। यही नहीं, सतौन के रहने वाले सुरेश कुमार ने इससे आगे भी पैदल 100 किलोमीटर चलने का लक्ष्य निर्धारित किया हुआ था, लेकिन वह जैसे ही चौगान मैदान पुलिस पोस्ट के समीप पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने पूछताछ की। तब खुलासा हुआ कि वह शिमला से ही पैदल आ रहा है।
भूखे पेट ही पैदल चल रहे दिव्यांग की स्थिति को देखकर ट्रैफिक कर्मियों का दिल पसीज गया। फौरन ही पुलिसकर्मियों ने उसके खाने की व्यवस्था की। साथ ही 300 रुपए नकद भी उपलब्ध करवाएं। फलों का इंतजाम भी तुरंत ही किया। सतौन के रहने वाले दिव्यांग सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन के वजह से मजदूरी नहीं मिल रही थी। पैसों की कमी के कारण वह शिमला में अपना गुजर-बसर नहीं कर सकता था। लिहाजा पैदल ही घर जाने का फैसला ले लिया। दिव्यांग के इस तरह के जज्बे को देखकर ट्रैफिक पुलिस बेहद ही आश्चर्यचकित हो गई।
पुलिस ने दिव्यांग को एक वाहन में पांवटा साहिब भेजने की व्यवस्था भी की। ट्रैफिक प्रभारी राम लाल चोपड़ा के अलावा कॉन्स्टेबल अर्जुन, संजय व वर्षा ने नेक कार्य से पुण्य कमाया। गौरतलब है कि उपायुक्त डॉ आर के परुथी भी अपने स्तर पर शहर में गरीबों के लिए निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहे हैं। वीरवार को उपायुक्त ने 20 व्यक्तियों के लिए भोजन की व्यवस्था की थी।