शिमला : भाजपा शासित जयराम सरकार ने अपने कार्यकाल में अब तक 2 हजार 711 करोड़ का कर्ज लिया है। साल 2018 में सरकार ने 1754 करोड़ का कर्ज उठाया था,जबकि इस वर्ष अब तक 957 करोड़ का कर्ज लिया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज प्रश्नकाल के दौरान विधायक रमेश चंद धवाला,राजेंद्र राणा और जगत सिंह नेगी के संयुक्त सवाल के लिए जवाब में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गत तीन वर्षों में 11329 करोड़ का ऋण लिया गया है। इनमें 6511 करोड़ की राशि वापिस किए गए ऋण की है। इस तरह तीन वर्षों में सरकार द्वारा 4812 शुद्व ऋण लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की सता पर अधिकतर समय में कांग्रेस काबिज रही है। कांग्रेस की सरकारों ने ऐसे हालात बना दिए कि विकास कार्यों के लिए ऋण लेना आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की कांग्रेस शासित वीरभद्र सिंह सरकार ने साल 2013 से 2017 के अपने पांच साल के कार्यकाल में 18 हजार 784 करोड़ का ऋण लिया था। लेकिन भाजपा की सरकार ने अपने पौने दो साल के कार्यकाल में अब तक दो हजार 711 करोड़ ऋण ही लिया है, जो कि कांग्रेस शासन की तुलना में बहुत कम है।
दूसरी तरफ इस मुददे पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार की घेराबंदी की। उन्होने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार भारी ऋण उठा रही है। इसे लेकर मुख्यमंत्री सदन में चालाकी से आंकड़े पेश कर रहे हैं।