जीता सिंह नेगी/रिकांगपिओ
कश्मीर के गुरेज सेक्टर में जनपद के निगुलसरी के 24 वर्षीय बेटे साहिल ने शहादत का जाम पिया है। साहिल बुधवार को आतंकी ऑपरेशन के दौरान गोली लगने से शहीद हो गया था। करीब 18 साल की उम्र में साहिल ने भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का बीड़ा उठाया था।
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे साहिल की शादी को लेकर परिवार ने कई सपने सजाए हुए थे,लेकिन साहिल ने देश पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। जानकारी के मुताबिक शहीद के पार्थिव शरीर को बीती शाम ही हवाई मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचा दिया गया था। शुक्रवार को शहीद साहिल का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। 15 डोगरा में तैनात साहिल ने बुधवार को अपने भाई विपिन से बात कर कुशलक्षेम भी पूछा था। उल्लेखनीय है कि शहीद साहिल का दूसरा भाई आइटीबीपी में तैनात है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और भारत माता की जयघोष के नारे लगाए।
शहीद को सेना की टुकड़ी ने सलामी दी। पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे साहिल छह वर्ष पहले ही सेना में भर्ती हुए थे। 24 साल के साहिल का विवाह भी नहीं हुआ था। साहिल ने बुधवार को ही अपने भाई विपन और मां से बात कर घर का कुशलक्षेम पूछा था। साहिल की शहादत से परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट गया है, लेकिन सीना फक्र से चौड़ा भी हो गया है।