नितेश सैनी/सुंदरनगर
अगर दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो इंसान किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है। ऐसे ही मुकाम को हासिल किया है मंंडी के श्याम लाल ने। श्याम लाल ने 40 डिग्री तापमान में सेब उगा कर बागवानो के लिए एक मिसाल पेश की है। ग्राम पंचायत कपाही के डोढवां निवासी सेवानिवृत फोरमैन श्याम लाल पुत्र शंकर दास के आंगन में मीठे रॉयल किस्म के सेब लगने से क्षेत्र के लोग भी हैरान हैं।
सुंदरनगर जैसा गर्म क्षेत्र जहां का तापमान गर्मियों में 40 डिग्री तक पहुंचने के बावजूद ठंठे क्षेत्र का फल लगना चर्चा का विषय बन गया है। गौरतलब है कि श्याम लाल बिजली विभाग से बतौर फोरमैन के पद से रिटायर्ड हुए हैं। उन्होंने 4 वर्ष पहले अपने गांव में सेब की आर्गेनिक खेती शुरू की थी। उन्होंने सेब के कुल 5 पेड़ लगाए हैं और इनमें से एक पेड़ सेब की बंपर फसल से लबालब भरा हुआ है। श्याम लाल ने कहा कि बिजली विभाग से रिटायर होने पर बागवानी की ओर रूख किया और घर के साथ लगती जमीन पर विभिन्न फलों के पौधे लगाए।
उन्होंने कहा कि मात्र एक पेड़ से ही लगभग एक क्विंटल सेब की फसल प्राप्त की है। गर्म क्षेत्र में सेब उगाने को लेकर उन्हें प्रेरणा लोगों द्वारा हमीरपुर, ऊना आदि जैसे अत्यधिक गर्म क्षेत्रों में सेब उगाने से मिली। उन्होंने कहा कि जब इन क्षेत्रों में सेब का उत्पादन हो सकता है तो सुंदरनगर में भी यह संभव है। वहीं श्याम लाल सेब के साथ-साथ स्ट्रॉबेरी, कटहला, अश्वगंधा व आम की खेती भी कर रहे हैं।
श्याम लाल ने प्रदेश सरकार से सेब के उत्पादन को लेकर क्षेत्र में प्रोत्साहन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार, कृषि व बागवानी विभाग लोगों को सेब के उत्पादन को लेकर जागरूक व प्रशिक्षित करे, तो यहां भी पहाड़ी इलाकों की तरह सेब के बगीचे लहलहा सकते हैं। इससे कृषकों की आजीविका में भी वृद्धि होगी।