श्रीनगर (कौसर गुल): शनिवार को घाटी में ईद-उल-फित्तर की नमाज अदा करने के बाद सुरक्षा बलों व पत्थरबाज युवकों के बीच जमकर झड़प हुई। अनंतनाग जिला के कई क्षेत्रों में पाकिस्तानी झंडे भी लहराए गए।
इस घटना में किसी के घायल होने की खबर अब तक नहीं है। युवकों के एक समूह ने शहर के ईदगाह क्षेत्र में अचानक ही पुलिस व अद्धसैनिक बलों पर पथराव शुरू कर दिया। इसके साथ ही शहर के कोठीबाग क्षेत्र में भी इस तरह की घटना हुई। पुलिस ने दोनों ही क्षेत्रों से पथराव कर रहे युवकों को खदेड़ा।
शहर वरजुलहा क्षेत्र पाकिस्तानी झंडे लहराने की भी खबर है। शेष घाटी में ईद का पर्व शांतिपूर्ण रहा। शुक्रवार को भी युवकों व अद्धसैनिक बलों के बीच उस वक्त झड़प हुई थी, जब अलगाववादी तत्वों ने पाकिस्तानी झंडों के अलावा लश्कर-ए-तोयबा व आईएसआईएस के भी झंडे लहराने की कोशिश की।
शुक्रवार की नमाज अदा करने के बाद भी जामा मस्जिद क्षेत्र में भी विवादित झंडों को लहराया गया था। साथ ही अलगावादी संगठनों व पाकिस्तान के हक में भी नारेबाजी की गई।