बिलासपुर (एमबीएम न्यूज): पर्यटन नगरी मनाली में हरियाणा के चार व्यक्ति घूमने आए थे। उनके पास 20 हजार रुपए के जाली नोट थे। पर्यटन नगरी में कुछ जाली करंसी चला ली गई। लेकिन शिमला जाते वक्त शहर के नजदीक एक कोल्डड्रिंक की बोटल खरीदने के लिए एक हजार रुपए का नोट दुकानदार को दिया गया। इस पर दुकानदार को शक हुआ। उसने अपना दायित्व समझते हुए फौरन ही सदर पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने भी एक्शन में आने में देरी नहीं की। शिमला जाने वाले मार्ग पर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान ब्रह्मपुखर के नजदीक एक कार से 50 हजार रुपए बरामद हुए। इसमें से 20 हजार रुपए की जाली करंसी थी। अब पुलिस इस तफ्तीश में जुटी है कि इन व्यक्तियों के पास जाली करंसी कहां से आई। उनका मोटिव क्या था।
पुलिस ने इस मामले में 489बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस धारा में जाली करंसी को असली बताकर इस्तेमाल करने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। एएसपी रोहित मालपाणी ने पुष्टि करते हुए कहा कि चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।