बिलासपुर (अभिषेक मिश्रा) : मिस ग्लोरी ऑफ इंडिया 2017 अवार्ड पा चुकी बिलासपुर के ऋषिकेश गांव की नेहा चौधरी ने ‘मिस अखंड भारत’ का खिताब भी अपने नाम कर लिया है। अमन गांधी फिल्म प्रोडक्शन द्वारा शिमला में आयोजित ‘मिस अखंड भारत 2017’ प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करके नेहा ने देश-विदेश में हिमाचल का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 25 नवंबर को शिमला में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में अफगानिस्तान, नेपाल व अन्य कई विदेशी जगहोंं से मॉडल्स ने भाग लिया था।

इस दौरान अंत में नेहा ने विदेशी मॉडल्स को पछाड़कर पहला स्थान हासिल कर ‘मिस अखंड भारत’ का खिताब अपने नाम किया। ग्लोबल प्लेस एंड स्टॉप टेरेरिज्म सामाजिक विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा विदेशों की मॉडल्स ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 नवंबर को हुआ, जिसमें नेहा चौधरी ने बाजी मारी। प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि बढ़ रहे आतंकवाद को रोकने के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है।
इस दौरान 26/11 अटैक में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि भी दी गई। इससे पहले भी नेहा चौधरी ने दि हिमालय ब्यूटी-2017 का खिताब भी अपने नाम किया है। दिल्ली में आयोजित मिस ग्लोरी ऑफ इंडिया 2017 का अवार्ड भी जीता है, जिसमें नेहा का चयन मिस ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स 2018 के लिए हुआ है।
इंडिया नहीं, भारत हो देश का नाम
‘एमबीएम’ से विशेष बातचीत में नेहा चौधरी ने कहा कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करती हैं कि अंग्रेजों द्वारा हमारे देश का नाम इंडिया रखा गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंडिया के रूप में ही जाना जाता है। भारत नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिकृत नहीं है, जिसके लिए वह 15 दिसंबर से शुरू हो रही पार्लियमेंट में राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं से अपील करेंगी कि देश हित में इंडिया की जगह भारत नाम किया जाए।