शिमला(एमबीएम न्यूज़): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के रिपीट होने का दावा किया है। सुक्खू ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कम से कम 40 से 42 सीटें मिल सकती हैं और पार्टी यहां एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। वह आज यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट भी कांग्रेस के ही पक्ष में है। भाजपा के कई धुरंधर भी इस बार कांग्रेस के हाथों पराजय का मुंह देखेंगे। पिछले आठ महीनों से भाजपा ने हिमाचल में खूब दुष्प्रचार किया लेकिन जनता ने उसे भी नकार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों से आम जनता आज परेशान है। युवाओं को रोजगार नही मिला, मंहगाई कम नही हुई, गैस, पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही है। यहां तक कि जीएसटी ने तो सब की कमर तोड़ कर रख दी। जिसका परिणाम है कि महिलाओं व युवाओं ने बड़ी तादाद में कांग्रेस के पक्ष में वोट किया है। इसलिए कांग्रेस रिपीट करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल विधानसभा का चुनाव गुजरात के साथ होना था, लेकिन यहां का चुनाव जल्द करवाकर बहुत कम समय दिया गया। वोटिंग के आधार पर यह कहा जा सकता है कि 40 से 42 सीटें कांग्रेस के खाते में जाएंगीं।
सुक्खू ने कहा कि भाजपा के 50 प्लस की हवा निकल गई। भाजपा पहले 60 प्लस सीटों पर जीत दर्ज करने की बात कह रहीं थी, फिर यह आंकड़ा 50 प्लस और अब 40 प्लस पर पहुंच गया है। सुक्खू ने पूर्व सीएम धूमल को भी निशाने पर लिया और कहा कि धूमल को भाजपा द्वारा सी.एम. का चेहरा घोषित करने का उत्साह उनके गृह जिला में भी देखने को नहीं मिला और जिला में सबसे कम मतदान हुआ, जो स्पष्ट करता है कि इस बार जनता कांग्रेस के साथ है। एक सवाल के जवाब में सुक्खू ने कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में सहन नहीं होगी, चाहे कोई कितना भी बड़ा नेता हो। विधानसभा चुनाव में जो भी नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी विरोधी कार्यों में संलिप्त पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियामानुसार कार्रवाई की जाएगी।