शिमला (एमबीएम न्यूज़): हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की चुनावी रैलियों के जवाब में अब कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की
रैलियों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राहुल गांधी 6 नवम्बर को चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल आएंगे। इस दिन राज्य में वह 3 चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। 15 सीटों वाले सबसे बड़े राजनीतिक जिले कांगड़ा में राहुल गांधी एक ही रैली को संबाधित करेंगे। कांगड़ा के अलावा चंबा और सिरमौर जिले में राहुल गांधी की रैलियां होंगी।

घोषित कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी की पहली रैली 6 नवम्बर को सुबह 11 बजे सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में होगी। इसके बाद दोपहर सवा एक बजे राहुल गांधी चंबा जिले के चंबा चौगान में रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद 3 बजे कांगड़ा जिले के नगरोटा स्थित गांधी ग्राउंड में राहुल गांधी की आखिरी रैली होगी।
आपको बता दें कि कांग्रेस के चुनाव प्रचार से राष्ट्रीय नेतृत्व नदारद चल रहा है। अकेले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रचार का जिम्मा संभाला हुआ है। पीसीसी चीफ सुखविंद्र सिंह सुक्खू से लेकर तमाम कैबिनेट मंत्री अपने-अपने विधानसभा हल्कों में सिमट कर रह गए हैं। वीरभद्र को छोड़ कांग्रेस का कोई भी नेता प्रचार के लिए अपने हल्के से बाहर नहीं निकल रहा है। वीरभद्र सिंह रोजाना 3 से 4 जनसभाएं कर रहे हैं। प्रदेश में वह अब तक करीब 40 जनसभाएं कर चुके हैं।