नाहन (एमबीएम न्यूज): पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र के राजगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल को सीएम पद पर प्रोजैक्ट कर दिया है। करीब आधे घंटे के संबोधन में शाह ने कहा कि कांग्रेस कहती आ रही थी कि भाजपा बिना दूल्हे की बारात है। तो लो, आज कांग्रेस को दूल्हा भी दे देते हैं।
नेहरू ग्राऊंड में उमड़ी जनसभा को देखकर भी शाह खासे गदगद हुए। उन्होंने कहा कि धूमल के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाएगी। शाह ने कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन है। इससे पूर्व शाह ने कांगड़ा के फतेहपुर में भी जनसभा को संबोधित किया था, लेकिन उन्होंने धूमल को प्रोजैक्ट करने के लिए राजगढ़ को चुना। गौरतलब है कि दो नवंबर को नाहन विधानसभा क्षेत्र के धौलाकुआं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी हो रही है।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने हाल ही में इस बात का खुलासा किया था कि भाजपा के आलाकमान में धूमल के नाम पर सहमति हो चुकी है। शाह के ऐलान की खबर पूरे प्रदेश में आग की तरह फैली। भाजपा के प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर ने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि खुशी की बात है कि राजगढ़ से ही तमाम संशय दूर हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि सिरमौर में पांचों सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।
धूमल के सीएम पद को लेकर एमबीएम न्यूज नेटवर्क द्वारा प्रकाशित खबर इस लिंक पर।https://goo.gl/wugZCR