नाहन (एमबीएम न्यूज़): बस स्टैंड से एक शादीशुदा महिला को अगवा करने के बाद जबरन शादी के साथ-साथ शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। मामले में हरियाणा की मुलाना पुलिस पर भी संगीन आरोप हैं। जमटा की रहने वाले शादीशुदा महिला ने उसे बेचने की साजिश करने का आरोप भी लगाया है। हालांकि पुलिस की छानबीन में तमाम आरोपों की सच्चाई का खुलासा हो पाएगा, लेकिन आरोप बेहद संगीन हैं।
पेशे से पीड़ित महिला बस स्टैंड पर सफाई कर्मचारी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि 14 जून को जब वह शौचालय के समीप बैठी थी तो सरोज निवासी सैनवाला उसके पास आई, जिसे वह पहले से ही जानती थी। सरोज उससे कालाअम्ब चलने की जिद करने लगी। पहले इंकार करने के बाद उसने सहमति जता दी।
पीड़िता के मुताबिक बस में जाते वक्त दिल्ली गेट पर एक ओर औरत मिली, जिसे सरोज ने अपनी सहेली बताया। कालाअम्ब पहुंचने पर एक आदमी अशोक मिला, जिसे सरोज की सहेली का भाई बताया गया। पुलिस को बताया गया कि कालाअंब में गन्ने का जूस पिलाने के बाद उसे एक आल्टो कार में सढौरा ले जाया गया। कार के चालक का नाम रमेश बताया जा रहा था। पीड़िता का कहना है कि खाना खिलाने के बाद उसे एक मंदिर में ले जाया गया, जहां उसे जान से मारने की धमकी देकर जबरन उसकी शादी सोनू से करवा दी गई।
इसके बाद उसे दोबारा कार से मुलाना पहुंचाया गया। एक घर में उसे रखा गया। खाना खाने के बाद रात 1:00 बजे सोनू व उसका दोस्त कमरे में आए, जहां उसका शारीरिक शोषण किया गया। साथ ही अप्राकृतिक तरीके से शारीरिक संबंध बनाए गए। पीड़िता का कहना है की वह बड़ी मुश्किल से इन इन लोगों के चंगुल से बच कर निकली है। महिला का कहना है कि बावजूद इसके आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। तीसरे दिन आरोपी हरियाणा की मुलाना पुलिस को लेकर आ गए।
इसके बाद उसे सरोज व सरोज की सहेली के इलावा अशोक को मुलाना ले जाया गया, वहां पुलिस ने उसके साथ मारपीट की तब वहां पर अशोक ने लेन-देन किया। महिला ने हरियाणा की मुलाना पुलिस पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि मुलाना पुलिस ने अशोक के साथ मिलकर सरोज से 10,000 व 50,000 की रकम सरोज की सहेली से ली। इसके अलावा 48 हजार रुपए की राशि अलग से ली गई। पीड़िता का कहना है कि उसने 16000 रुपए चुकाने के लिए मम्मी व भाभी का सामान गिरवी रखा है।
महिला का सीधा-सीधा आरोप है कि उसे बेचने में सरोज उसकी सहेली व अशोक का हाथ है क्योंकि उस दिन से ही सरोज व अशोक ने उसे धमकी दे रखी है कि अगर पुलिस को कुछ बताया तो उसे उठा लेंगे। पीड़िता का यह भी कहना है कि अशोक उसके घर से टीवी, डिश व अन्य सामान भी उठा कर ले गया है, इसमें सोने की बालियां भी हैं। पीड़िता का कहना है कि अब भी अशोक 10000 की मांग कर रहा है।
पीड़िता का यह भी कहना है कि उसका पर्स अब भी मुलाना पुलिस के पास है, जिसमें चांदी की अंगूठी आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज है। चूँकि मामला काफी संवेदनशील है, लिहाजा पुलिस ने आईपीसी की धारा 366, 370, 370ए, 377, 376, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Click here to Reply or Forward
|