नाहन (एमबीएम न्यूज): खजूरना के समीप गणेश का बाग में 5 जुलाई की रात, 40 वर्ष का शख्स अमर सिंह किसी दुर्घटना का शिकार नहीं हुआ था, बल्कि किसी तेजधार हथियार से हमला हुआ था। तस्वीर साफ हो रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पीजीआई चंडीगढ़ से अमर सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का फीडबैक लिया है। पुख्ता जानकारी के मुताबिक इस रिपोर्ट में ‘शार्प इंजरी विद शार्प वेपन’ लिखा गया है।
अधिकारिक तौर पर पुलिस को यह रिपोर्ट सोमवार तक मिल जाएगी। इसी के बाद हत्या का मुकदमा दायर किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी के घर पर बीती रात ही दबिश दे दी थी, लेकिन घर से फरार पाया गया। यह भी पता चला है कि पुलिस आरोपी की तलाश में आसपास के जंगलों में भी सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामला कुछ पेचीदा इस कारण हो गया है, क्योंकि अमर सिंह पर हमला 5 जुलाई की रात को हुआ था, जिसकी मौत 6-7 जुलाई की रात पीजीआई में हो गई। गनीमत इस बात की है कि पीजीआई चंडीगढ़ में लाश का पोस्टमार्टम कर लिया गया।
इसके बाद परिवार ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। बाद में स्थानीय पुलिस को अवगत करवाया गया। इस मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही पुलिस का मुख्य आधार है। इसी बीच मृतक की बेटी प्रिया छेत्री ने भी एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें प्रिया ने पुलिस प्रशासन से अपने पिता स्व. अमर सिंह के कातिलों को पकडऩे की गुहार लगाई है।
संपर्क किए जाने पर एसपी सौम्या सांबशिवन ने माना कि प्रारंभिक छानबीन में मामला हत्या से ही जुड़ा नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार ने जिस व्यक्ति पर शक जाहिर किया है, उसकी तलाश की जा रही है। एसपी का कहना है कि संभावित आरोपी 5 जुलाई की रात से ही घर नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को चंडीगढ़ से पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी मंगवा ली जाएगी। इसी के आधार पर मामला दर्ज होगा।