मंडी (वी कुमार): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तीखा हमला बोला है। ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला भाजपा की तरफ से आयोजित परिवर्तन रथयात्रा के समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह को सीबीआई ने रगड़ रखा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम के कारनामों को तो वो अधिक नहीं जानते लेकिन इतना जरूर जानते हैं कि उन्हें सीबीआई ने रगड़ रखा है और चार-पांच महीनों के भीतर वह कभी भी जेल की हवा खा सकते हैं। जेल जाने की बात पर मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह के खाते में भ्रष्टाचार के सिवाय और कुछ भी नहीं है।
वहीं इस दौरान उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों को लेकर भी तीखी टिप्पणी कर डाली। उन्होंने हरियाणा में पूर्व में रहे सभी मुख्यमंत्रियों को दोषी करार दिया। मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व में रहे मुख्यमंत्रियों ने हरियाणा में सिर्फ लूट-खसूट मचाने का ही काम किया। किसी ने आसमान बेचा तो किसी ने जमीनें। उन्होंने कहा कि जितने भी मुख्यमंत्री रहे वह सब दोषी हैं। खट्टर ने कहा कहा कि एक दस वर्षों के लिए जेल की हवा खा रहा है और दूसरा जाने की तैयारी में है। कभी भी सुप्रीम कोर्ट का फरमान आ सकता है।
वहीं उन्होंने भाजपा के संगठन में होने वाले बिखराव को लेकर भी अपनी बात कही और एकजुटता का पाठ पढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने सभी एक एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करने का आहवान किया। खट्टर ने कहा कि इस वक्त पुराने मतभेदों को भुलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी मिलजुलकर पार्टी के कार्य करें और रथयात्रा के माध्यम से घर-घर तक पार्टी और केंद्र सरकार की नीतियों को पहुंचाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के अंत में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भाजपा की रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथयात्रा मंडी संसदीय क्षेत्र के 14 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक जय राम ठाकुर, गुलाब सिंह ठाकुर, कर्नल इंद्र सिंह और विनोद कुमार सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।