शिमला (एमबीएम न्यूज) : नगर निगम का चुनाव शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है। चुनाव में मतदान की प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी। मतदान के लिए कुल 153 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं जिसमें 91 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से नगर निगम चुनाव शुरू हो चुका है और बूथों पर लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं। नगर निगम के 34 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इसमें निगम क्षेत्र के 91 हज़ार मतदाता 126 प्रत्याशियों में 34 पार्षदों का चयन करेंगे। मतदान के लिए बूथों पर कतारें लंबी होती जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक करीब 20 फीसद वोट पड़े हैं। दिन बीतने पर बूथों पर कतारें लम्बी होती जा रही हैं। कहीं से भी अप्रिय समाचार नहीं है और मतदान शांति से हो रहा है। पुलिस के 650 से अधिक जवान मोर्चा सम्भाले हुए हैं। मतों की गिनती कल होगी। वोटिंग के दिन मौसम आमतौर पर साफ बना हुआ है। हालांकि आसमान में हल्के बादल भी छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश की भी सम्भावना भी जताई है। निगम चुनाव मे कांग्रेस, भाजपा और माकपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कुछ सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है।