मंडी (वी.कुमार) : शहर में घूम रहे आवारा जानवर अब खुंखार होने लग गए हैं। आवारा जानवरों ने लोगों को घायल करना भी शुरू कर दिया है। घटना पिछले कल दोपहर की है जब मंडी शहर के रामनगर में एक आवारा बैल ने राह चलती एक महिला को टक्कर मार दी। यह पूरी घटना यहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
महिला सड़क पर आराम से चल रही थी तभी अचानक ही पीछे से एक आवारा बैल ने आकर महिला को जोरदार टक्कर मार दी और वहां से भाग गया। महिला को टक्कर लगने की भनक आगे चल रहे व्यक्ति को लग गई जिसके चलते वह साईड हो गया और बैल की टक्कर से बच गया, अन्यथा इस व्यक्ति को भी बैल ने अपना निशाना बना दिया होता। स्थानीय लोग महिला को अस्पताल ले गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया। इस घटना के शहर वासियों में आवारा पशुओं को लेकर भय का माहौल देखने को मिल रहा है।
बता दें कि इस वक्त मंडी शहर में दर्जनों आवारा पशु घुम रहे हैं जिनमें कुछ आवारा बैल भी हैं। यह बैल आए दिन लोगों को चोटिल कर रहे हैं और प्रशासन इन्हें पकड़कर गौ सदनों में भेजने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाही नहीं कर रहा है।