शिमला,15 जनवरी : ठियोग उपमंडल के तहत छैला के पास बीती रात एक कार के खाई में लुढ़कने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इनमें एक मृतक ठियोग के फागू और दूसरा नेरवा तहसील का रहने वाला था। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक सेंट्रो कार में दोनों युवक छैला से सैंज की तरफ जा रहे थे कि छैला कैंची के पास कार सड़क से अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।
मृतकों की शिनाख्त 24 वर्षीय प्रांजय निवासी नेरवा और 25 वर्षीय मनोज निवासी फागू के रूप में हुई है। जांच अधिकारी व आईपीएस अमित यादव ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।