कुल्लू, 11 सितंबर : जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब 10 किलोमीटर दूर भुंतर के एक मकान में आग लग गई। जिसमें दो मासूम झुलस गए, जिन्हें भुंतर में प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती कर दिया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार जनजातीय भवन के साथ लगते एक स्लेट पोस्ट मकान में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण आग लग गई और मकान के अंदर घटना के समय दो मासूम ही मौजूद थे। जबकि उनके माता-पिता काम करने बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया।
दमकल विभाग के अनुसार जनजातीय भवन भुंतर के साथ अविनाश पुत्र मदनलाल गांव डाकखाना शमशी के दो कमरे में स्लेटपोश मकान में गैस सिलेंडर से आग लग गई। इस मकान में रामबहादुर निवासी नेपाल अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। घटना के वक्त राम बहादुर व उसकी पत्नी काम करने के लिए बाहर गए हुए थे। घर में केवल दो ही बच्चे मौजूद थे। जो आग लगने के कारण आंशिक तौर पर झुलस गए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु कुल्लू अस्पताल लाया गया है। आग पर अग्निशमन के कर्मचारियों ने काबू पा लिया है। इस आगजनी में करीब एक लाख की संपत्ति के जलने का अनुमान है।