कुल्लू : अति दुर्गम क्षेत्र शाक्टी में पोलियो अभियान की सेवाएं देने जा रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की बर्फ पर फिसल कर खाई में गिरने से मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार मुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बर्फीले रास्तों में पैदल शाक्टी मरौड जा रही थी। बर्फीले रास्ते में उसका पांव फिसल गया और खाई में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पति भी उसके साथ शाक्टी जा रहा था।
बाल विकास परियोजना बंजार के तहत अत्यंत दूर-दराज में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र मैल, वृत न्यूली की आंगनवाड़ी में मृतक गीता देवी कार्यरत थी। हादसा करीब रविवार को 10 से 11 बजे के बीच हुआ। मृतक कार्यकर्ता के पास मिनी आंगनवाड़ी केंद्र शाक्टी का अतिरिक्त कार्यभार था। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी वीरेंद्र सिंह आर्य ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।