शिमला : चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र की सराह ग्राम पंचायत में शुक्रवार रात को दो मंजिला मकान आग से राख हो गया। अग्निकांड रात एक बजे के करीब हुआ, जब पूरा परिवार सो रहा था। गनीमत यह रही कि परिवार के सदस्य समय रहने बाहर निकलने में सफल रहे, अन्यथा बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नेरवा से 22 किलोमीटर दूर कोटी सराह गांव के निवासी रोशन लाल शर्मा के मकान में आग लग गई। मकान के लकड़ी के बने होने के कारण आग तेजी से फैली और इसके विकराल रूप को देखकर गांव वासी भी सहम गए। दमकल वाहनों के मौके पर पहुंचने से पहले आग ने मकान को राख कर दिया था।
फिलहाल अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निकांड के बाद सर्द मौसम में पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। स्थानीय प्रशासन की टीम आज सुबह मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन कर रही है। साथ ही प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को राशन व रहने के लिए टैंट व वितीय मदद भी मुहैया करवाई जा रही है। उधर नेरवा पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।