ऊना : पुलिस थाना अंब के तहत अलाेह के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से अंब अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक हादसे के कारणों का खुलासा नही हो पाया है।
जानकारी के अनुसार नवांशहर निवासी लाभ सिंह अपने परिवार के साथ मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर गत दिवस देर रात को वापिस घर को लौट रहा था। रास्ते में कार (पीबी-32पीजी) अलोह के समीप अनियंत्रित होकर पहाड़ी से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार लाभ सिंह की पत्नी अमन सुदेहड़ा (36), बेटा जिगर (9) व बेटी समायरा (13) भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से किसी तरह कड़ी मश्क्कत कर बाहर निकाला।
108 कर्मियों ईएमटी प्रदीप व चालक जागीर सिंह ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने सभी को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। उधर, डीएसपी मनोज जंबाल ने कहा कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों के ब्यान पुलिस कलमबद्ध कर रही है। अभी तक हादसे के कारणों का खुलासा नही हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।