मंडी (वी कुमार) : आगरा के पास खंदौली टोल प्लाजा के पास हुए बस हादसे में मंडी जिला के करीब 40 बच्चे घायल हो गए हैं। इनमें 6 बच्चों को गंभीर चोटें आने की जानकारी मिल रही है। जिन बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं उनके परिजन तुरंत प्रभाव से आगरा के लिए रवाना हो गए हैं।
बता दें कि आलोक भारती पब्लिक स्कूल कोटली के बच्चों का एक दल स्कूल स्टाफ के साथ आगरा घुमने के लिए गया हुआ है। मंडी की ही एक टुअर एजैंसी इन सभी को वहां पर लेकर गई है। आज यह सभी बच्चे ताजमहल देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही बच्चों से भरी बस खंदौली टोल प्लाजा के पास पहुंची तो उसका टायर फट गया और बस पलट गई। इस हादस में मंडी निवासी बस चालक की मौत हो गई है, जबकि बाकी बच्चे और अध्यापक घायल हो गए हैं।
वहीं जब घायल बच्चों के परिजनों को हादसे की जानकारी मिली तो उनके होश फाख्ता हो गए। इसके बाद दूरभाष के माध्यम से संपर्क साधा गया। जिन बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, उनके परिजन आगरा के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं मृतक चालक के शव को लाने के लिए भी परिजन आगरा चले गए हैं। परिजन बता रहे हैं कि स्कूल के करीब 100 बच्चे टुअर पर गए हुए हैं।
वहीं इस घटना की सूचना जिला पुलिस और प्रशासन को भी मिल गई है और प्रशासन आगरा प्रशासन के साथ संपर्क साधकर हर संभव मदद दिलाने का प्रयास कर रहा है। एसपी मंडी अशोक कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और पीडि़तों की हर संभव सहायता की जा रही है।
Watch Video :
हादसे में घायल बच्चों की सूची