बद्दी (एमबीएम न्यूज़) : केंदुवाला के जंगल में पुलिस को एक 20 वर्षीय प्रवासी कामगार का शव मिला है। मृतक के गले में कपड़ा बंधा हुआ है। जबकि आधा कपड़ा ऊपर पेड़ में टंगा हुआ है। इससे अंदाजा लगाया गया है कि युवक पेड़ से लटका है। सूचना मिलते ही बद्दी के डीएसपी गौरव सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत के कारण आत्महत्या माना जा रहा है।
मृतक के शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं है। गले में कपड़ा बंधा हुआ है। यह कपड़ा आधा पेड़ पर भी लटका हुआ है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक ने फंदा लगाया लेकिन वजन अधिक होने से वह नीचे गिर गया है। मृतक के पास कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ के डेड हाउस में रख दिया है। 72 घंटे तक मृतक की शिनाख्त के लिए इंतजार किया जाएगा। उसके बाद शव को नगर परिषद के माध्यम से अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बारे में साथ लगते पड़ोसी राज्य के थाने व चौकियों में भी सूचित कर दिया गया है। एसपी बशेर सिंह चौहान ने शव मिलने की पुष्टि की है।