सुंदनगर(नितेश सैनी): बल्ह घाटी के दरबाथु गांव में एक 33 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मायके पक्ष में विवाहिता के पति पर उसे प्रताडि़त करने व उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक विवाहिता के पति के खिलाफ भी आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि 33 वर्षीय जमना देवी ने अपने घर के समीप गऊशाला में फंदा लगा लिया। घर वालों ने जब उसे झूलते हुए देखा तो तुरंत नीचे उतार एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बल्ह पुलिस ने बताया कि सोमवार रात्रि पुलिस थाना में फोन पर सूचना मिली कि नलसर के दरबाथु में एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया।
बल्ह पुलिस को मृत महिला के पिता ने बताया कि उसका दामाद जोगिंद्र सपुत्र मुन्नीलाल उसे रोज पीटता था, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाया है। महिला के पिता ने बताया कि 30 जनवरी को बेटी व दामाद दोनों हमारे घर भडय़ाल आए हुए थे, दोनों एक दूसरे से बात नहीं कर रहे थे। मृत महिला की छोटी बहनों ने उसके शरीर पर मारने के निशान देखे और जिसके बारे में मुझे बताया। बल्ह पुलिस ने मृत महिला के पिता की शिकायत के आधार पर महिला के पति के विरूद्ध धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि बल्ह थाना प्रभारी संजीव सूद ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।