नाहन, 6 जुलाई : वन क्षेत्र माजरा के अंतर्गत धौलाकुआं मौजे के सुकरखड्ड के जंगल में अवैध तौर पर खैर के 23 पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है। रामपुर बंजारन के रहने वाले इरफान पुत्र बख्तर अली की आरा मशीन से 83 नग बरामद किए गए हैं। साथ ही उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

उप वन परिक्षेत्र अधिकारी हर्षवर्धन सिंह ने पुलिस को बताया कि जब वनरक्षक ने गश्त के दौरान पाया कि धौलाकुआं में सुकरखड्ड के नजदीक वन विभाग की भूमि से खैर के 23 पेड़ काटे गए हैं। लकड़ी को नामालूम व्यक्ति चोरी कर ले गए हैं। पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि मामले में जांच जारी है। जल्द ही संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बता दें कि खैर की लकड़ी का इस्तेमाल कत्था उत्पादन में होता है। सिरमौर में भी कत्था बनाने वाली औद्योगिक इकाईयां मौजूद हैं। उधर, पुलिस ने आरा मशीन को भी सील कर दिया है।