सोलन: चिट्टे के खिलाफ जंग में खाकी को अहम कामयाबी मिली है। इस बार पुलिस ने शहर व आसपास के क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को ही दबोच लिया है, वो भी 95.98 ग्राम खेप के साथ। पुलिस को यह कामयाबी चंडीगढ़ से मिली है। माना जा रहा है कि करनाल का रहने वाला संजय ही अपने दलालों के जरिए युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाया करता था।
यह भी संभावना जताई जा रही है कि सपरून पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी खेप को बरामद किया है। दरअसल हाल ही में पुलिस ने एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस उस युवक से असल सप्लायर के राज खुलवाने में कामयाब रही। करनाल के रहने वाले मुख्य सरगना संजय को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। माना जा रहा है कि बरामद चिट्टे की कीमत लाखों रुपए है। अमूमन बाजार में युवाओं को नशे का सामान चिट्टे के तौर पर 3 हजार रुपए प्रति ग्राम तक बेचा जाता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि इस साल चिट्टे के 69 मामलों में 105 को गिरफ्तार किया गया। इसकी मात्रा 600 ग्राम के आसपास रही। बहरहाल अहम बात यह है कि सोलन पुलिस को चिट्टे की सप्लाई की रीढ़ तोड़ने में सफलता मिली है।
https://youtu.be/ukmy14SaV7E